गौतमबुद्धनगर: फर्जी दरोगा बनकर घूम रहा था युवक, दिल्ली पुलिस की वर्दी और सात फर्जी आईकार्ड बरामद!!
नोएडा में सेक्टर-113 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर घूम रहा था आरोपी; कार और मोबाइल समेत कई दस्तावेज बरामद
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की फर्जी वर्दी धारण कर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दिल्ली पुलिस के दरोगा की वर्दी, पुलिस के फर्जी आईकार्ड, स्टार, नेम प्लेट, बेल्ट, कैप समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई से फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को प्रभावित करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम ने स्थानीय सूचना एवं जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल सिंह पुत्र तोड़ी राम, निवासी कान्तापुरी, महोली रोड, थाना कोतवाली, जनपद मथुरा, हाल निवासी सेक्टर-117 नोएडा, को सेक्टर-117 नोएडा सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र करीब 34 वर्ष बताई गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की फर्जी वर्दी धारण किए हुए था। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से दिल्ली पुलिस की एक जोड़ी दरोगा की वर्दी, दो सफेद धातु के डीपी बैज, चार स्टार, नेम प्लेट, लाल बेल्ट, खाकी मोजे, जूते और दिल्ली पुलिस की पी-कैप बरामद हुई।
सात फर्जी दिल्ली पुलिस आईकार्ड समेत दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दिल्ली पुलिस के सात आईकार्ड, एक कैंटीन स्मार्ट कार्ड, सात एटीएम/क्रेडिट कार्ड, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एक मेट्रो कार्ड भी बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी के पास से आईफोन 17 प्रो मोबाइल फोन और दिल्ली नंबर की आई-20 कार (DL 8CA E 9608) भी बरामद की गई है।
इतनी बड़ी संख्या में पुलिस वर्दी, फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आरोपी ने दिल्ली पुलिस की फर्जी वर्दी और पहचान पत्र किस उद्देश्य से बनवाए थे तथा इनका इस्तेमाल उसने कहीं लोगों को प्रभावित करने, धोखाधड़ी करने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ थाना सेक्टर-113 नोएडा में मु0अ0सं0-376/26 के तहत धारा 204, 205, 337, 336(3) और 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ बरामद दस्तावेजों और सामान की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर घूमने वाले आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
