पंजाब: 29 अक्टूबर को दिल्ली में गूंजेगा गुर्जर स्वाभिमान का शंखनाद, संत श्री गुरचरण सिंह जी ने रैली की सफलता का दिया आशीर्वाद!!
दो टूक//पटियाला/पंजाब। आगामी 29 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली सरदार पटेल जयंती गुर्जर स्वाभिमान रैली को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। रैली को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के पदाधिकारी विभिन्न राज्यों में जनसंपर्क कर समाज के लोगों को एकजुट करने में जुटे हैं।
इसी क्रम में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री हरिश्चंद्र भाटी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के पटियाला स्थित डेरा रोड़ीवाल, संत बाबा बलवंत सिंह आश्रम पहुंचकर पीठाधीश्वर संत श्री गुरचरण सिंह जी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने संत श्री गुरचरण सिंह जी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा उन्हें 29 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का विशेष निमंत्रण दिया।
संत श्री गुरचरण सिंह जी ने निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए रैली में शामिल होने का भरोसा दिलाया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आशीर्वचन प्रदान किए और सरदार पटेल जयंती गुर्जर स्वाभिमान रैली के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए अपना आशीर्वाद दिया। संत के आशीर्वाद से प्रतिनिधिमंडल में मौजूद कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।
हरियाणा में जनसंपर्क अभियान, समाज से दिल्ली पहुंचने की अपील
रैली की तैयारियों को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत सहित हरियाणा एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान समाज के लोगों से संवाद कर उन्हें रैली के उद्देश्य की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक संख्या में 29 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम पहुंचने का आह्वान किया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली यह रैली समाज की एकता, सम्मान, संगठन और स्वाभिमान का बड़ा प्रतीक बनेगी। रैली के माध्यम से समाज की एकजुटता और सामाजिक चेतना को मजबूती देने का संदेश दिया जाएगा।
अशोक भाटी की सक्रिय भूमिका से कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह
रैली की तैयारियों में गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष श्री अशोक भाटी भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संगठनात्मक जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाते हुए अशोक भाटी समाज के विभिन्न वर्गों और कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं तथा उन्हें रैली से जोड़ने के लिए प्रयासरत हैं।
अशोक भाटी की सक्रियता से गौतम बुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों में रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ रहा है। वह समाज के लोगों के बीच पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील कर रहे हैं। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि समाज को एकजुट करने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने में अशोक भाटी की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि 29 अक्टूबर को तालकटोरा स्टेडियम में होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए देशभर से समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर राम सिंह कसाना, अरुण भाटी, शमशेर गुर्जर, मनजीत सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाएं और सरदार पटेल की जयंती को सामाजिक एकता एवं स्वाभिमान के संदेश के साथ मनाएं।।
