शुक्रवार, 21 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: मासूमों की तलाश में जुटी पुलिस, कुछ ही घंटों में तीनों बच्चों को सकुशल खोज निकाला—परिवार के चेहरों पर लौटी मुस्कान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मासूमों की तलाश में जुटी पुलिस, कुछ ही घंटों में तीनों बच्चों को सकुशल खोज निकाला—परिवार के चेहरों पर लौटी मुस्कान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-126 पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सेक्टर-128 स्थित लेबर कैंप से लापता हुए तीन मासूम बच्चों को कुछ ही घंटों में सकुशल तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिवार के चेहरों पर खुशी लौट आई और परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के सेक्टर-128 स्थित लेबर कैंप में झारखंड से आए एक श्रमिक परिवार के तीन बच्चे अचानक लापता हो गए थे। इनमें दो बच्चों की उम्र करीब पांच वर्ष तथा एक बच्चे की उम्र करीब 10 वर्ष बताई गई। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने तत्काल थाना सेक्टर-126 पुलिस को सूचना दी।

बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सेक्टर-126 सुमनेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल बच्चों की तलाश में लगाया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन शुरू की और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

विश टाउन चौकी प्रभारी करुणेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश अभियान चलाया। वहीं कांस्टेबल भूपेंद्र रावत ने भी टीम के साथ सक्रियता से खोजबीन करते हुए आसपास के क्षेत्रों से महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए हर संभावित स्थान पर बच्चों की तलाश की।

पुलिस की तत्परता, मेहनत और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम रहा कि तीनों बच्चों को सेक्टर-132, नोएडा से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

बच्चों को सकुशल सामने देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार ने थाना सेक्टर-126 पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

थाना प्रभारी सुमनेश कुमार, विश टाउन चौकी प्रभारी करुणेश सिंह, सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार और कांस्टेबल भूपेंद्र रावत सहित पूरी पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि गुमशुदगी जैसी संवेदनशील घटनाओं में समय पर की गई कार्रवाई बच्चों को सुरक्षित वापस लाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।।