सोमवार, 24 अगस्त 2026

सुल्तानपुर :अखंडनगर में पुलिस मुठभेड़ मे गोली लगने से एक घायल समेत तीन गिरफ्तार।||Sultanpur:Three people were arrested, including one injured in a police encounter in Akhand Nagar.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर :
अखंडनगर में पुलिस मुठभेड़ मे गोली लगने से एक घायल समेत तीन गिरफ्तार।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के चेकिंग के दौरान पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस टीम ने उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण, तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान संदिग्ध बदमाशों से सामना होने पर मुठभेड़ शुरू हुई। जवाबी कार्रवाई में विपिन निषाद उर्फ हाईलैण्ड (24) निवासी दामोदरपुर, थाना कादीपुर, गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मौके से उसके साथी नागेंद्र उर्फ बबलू (25) निवासी मझगवां, थाना कादीपुर और नीरज (25) निवासी अलीपुर कांपा, थाना अखंडनगर को भी गिरफ्तार किया गया।
लाखों के आभूषण और असलहा बरामद
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस बरामद आभूषणों को पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से जोड़कर जांच कर रही है।
विपिन का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस अभिलेखों के मुताबिक घायल आरोपी विपिन निषाद उर्फ हाईलैण्ड के खिलाफ कादीपुर थाने में चोरी और माल बरामदगी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। दोस्तपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2019 में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है।
नागेंद्र पर भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार नागेंद्र उर्फ बबलू के खिलाफ जौनपुर के सरपतहा थाने में चोरी और माल बरामदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दोस्तपुर और मोतिगरपुर थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस अभिलेख में सामने आई है।
पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल के मुताबिक चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हुआ है और कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।