गौतमबुद्धनगर: जमीन बंटवारे के विवाद में चचेरे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार!!
दादरी में सनसनीखेज वारदात का खुलासा, आरोपी की निशानदेही पर खून से सना बनियान बरामद
दो टूक//नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक शाहीद की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी उसके चचेरे भाई इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद कुल्हाड़ी से वार कर शाहीद की हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय उसके द्वारा पहना गया खून लगा बनियान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को शाहीद के भाई ने थाना दादरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई की हत्या उसके चचेरे भाई इमरान पुत्र ग्यासुद्दीन ने कर दी है। शिकायत के आधार पर थाना दादरी में मु0अ0सं0 409/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दादरी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद 26 अगस्त 2026 को रेलवे फ्लाईओवर के नीचे, कस्बा दादरी से इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया।
जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की पूछताछ में आरोपी इमरान ने बताया कि मृतक शाहीद उसका पारिवारिक भाई था। दोनों परिवारों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद और कहासुनी होती रहती थी। इसी जमीन के बंटवारे को लेकर इमरान और शाहीद के बीच भी विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर शाहीद की हत्या कर दी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया खून लगा बनियान बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
इमरान पुत्र ग्यासुद्दीन, निवासी ग्राम रमई, थाना फारबिसगंज, जिला अररिया, बिहार, वर्तमान पता ग्राम रामपुर फतेहपुर, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर।
मुकदमे का विवरण
थाना दादरी में मु0अ0सं0 409/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।।
