बुधवार, 26 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार का मातृशक्ति को बड़ा तोहफा, 60+ महिलाओं का रोडवेज में मुफ्त सफर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार का मातृशक्ति को बड़ा तोहफा, 60+ महिलाओं का रोडवेज में मुफ्त सफर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ, 27 से 29 अगस्त तक सभी महिलाओं को भी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 26 अगस्त। रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की महिलाओं को योगी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत अब प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का गौतमबुद्धनगर में नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित ऑडिटोरियम में सजीव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति के साथ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन और योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को देखा एवं सुना।

इस दौरान प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुनील शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नोएडा रोहिताश कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ग्रेटर नोएडा समीना अंजुम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी राहत

‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के माध्यम से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार की इस पहल से वरिष्ठ महिलाओं को अपने जरूरी कार्यों, रिश्तेदारों और अन्य गंतव्यों तक आने-जाने में आर्थिक राहत मिलेगी।

सरकार का मानना है कि सार्वजनिक परिवहन में निःशुल्क यात्रा की सुविधा वरिष्ठ महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में भी मदद करेगी। योजना को महिलाओं के सम्मान, सुविधा और सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं का भी मुफ्त सफर

रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए सरकार ने सभी महिलाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। 27 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इससे रक्षाबंधन पर अपने मायके जाने वाली बहनों और अन्य गंतव्यों तक यात्रा करने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। महिलाएं पर्व के दौरान बिना किसी अतिरिक्त यात्रा खर्च के सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकेंगी।

मंत्री ने कहा- महिलाओं के सम्मान और कल्याण को सरकार की प्राथमिकता

सजीव प्रसारण के बाद मंत्री सुनील शर्मा ने उपस्थित मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना विशेष रूप से वरिष्ठ महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगी। इससे उन्हें आवागमन की सुविधा के साथ आर्थिक सहयोग भी मिलेगा।

साड़ी और मिठाई देकर किया मातृशक्ति का सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मातृशक्ति का सांकेतिक सम्मान किया। महिलाओं को साड़ी एवं मिठाई भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं ने प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे वरिष्ठ महिलाओं के लिए उपयोगी और सम्मानजनक कदम बताया।

रक्षाबंधन से ठीक पहले शुरू हुई यह योजना महिलाओं के लिए सरकार की ओर से बड़ी सौगात के रूप में सामने आई है। एक ओर 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की स्थायी सुविधा का लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर रक्षाबंधन के दौरान सभी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से पर्व पर उनके आवागमन का खर्च भी कम होगा।।