गौतमबुद्धनगर: पैसे के विवाद में किशोर की हत्या से सनसनी, सेक्टर-54 जंगल में गला दबाकर उतारा मौत के घाट; तीन बाल अपचारी अभिरक्षा में!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-54 के जंगल में मिले 14 वर्षीय हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के शव के मामले में थाना सेक्टर-24 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में वांछित तीनों बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद तीनों ने कथित तौर पर किशोर की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने तीनों को नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए के गेट नंबर-4 के पास से पकड़ा। नियमानुसार तीनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के लापता होने के संबंध में उसकी मां ने थाना सेक्टर-24 में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 21 अगस्त को सेक्टर-54 नोएडा के जंगल में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था।
इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। 25 अगस्त को शिकायतकर्ता ने शव की शिनाख्त अपने बेटे हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 16 अगस्त को हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला और तीनों बाल अपचारियों के बीच सेक्टर-54 के जंगल में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान तीनों ने कथित तौर पर हैप्पी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को जंगल में छोड़ दिया गया।
गुप्त सूचना पर तीनों को लिया अभिरक्षा में
हत्या के मामले में वांछित तीनों बाल अपचारियों की तलाश के लिए थाना सेक्टर-24 पुलिस ने टीम गठित की थी। बुधवार 26 अगस्त को पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर तीनों के नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए के गेट नंबर-4 के पास मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में मु0अ0सं0 449/2026, धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों बाल अपचारियों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, गौतमबुद्धनगर के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
