शनिवार, 8 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने किया मार्ग और शिविरों का निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने किया मार्ग और शिविरों का निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, बैरिकेडिंग से लेकर यातायात और चिकित्सा व्यवस्था तक पर दिए सख्त निर्देश

दो टूक//नोएडा। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्ग और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर बनाए गए कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं को भी देखा। उन्होंने यात्रा कर रहे शिव भक्तों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है, इसकी जानकारी ली।

सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक परखी

डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सहायता समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग और शिविरों में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

डीसीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए ब्रीफ किया गया।

पुलिस अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखने, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस की ओर से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ शिव भक्तों को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।।