शनिवार, 1 अगस्त 2026

गोंडा : प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने एक साथ बाइक पर देखा, पकड़कर परिवारों की सहमति से मंदिर में हुई शादी

शेयर करें:
गोंडा- खोडारे थानाक्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया। यहां ग्रामीणों ने एक लड़का और एक लड़की को मिलते हुए पकड़ लिया और आनन - फानन में मंदिर में उनकी शादी करवा दी। पूरी शादी डेढ़ मिनट से भी कम समय में निपटा दी गई। मामला जिगिरिया मंदिर का है, जो औसनी बुजुर्ग और पिपरा बाराखा गांव के बीच में स्थित है। औसनी बुजुर्ग की 19 साल की लड़की और पिपरा बाराखा के 20 साल के लड़के का पिछले दो साल से अफेयर चल रहा था। दोनों के गांवों में करीब 2 किमी की दूरी है। अक्सर मिलना - जुलना होता था, लेकिन घर वालों को इसकी भनक तक नहीं थी। बताया जा रहा कि उक्त लड़का बाइक से प्रेमिका को घुमाने निकला था। वो उसे उसके गांव के बाहर छोड़ने गया। इसी दौरान गांव वालों की नजर उन पर पड़ी। लोगों ने दोनों को पकड़कर सीधे जिगिरिया मंदिर पहुंचा दिया और दोनों के परिजनों को सूचना दी।
खबर मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। इस दौरान बीच - बचाव करते हुए शादी का प्रस्ताव रखा गया।
पता चला कि दोनों की जाति एक ही है, इसलिए घर वाले भी इस रिश्ते के लिए राजी हो गए। मंदिर के बाहर की दुकान से जरूरत का सामान खरीदा गया। इसके बाद मंदिर के पंडितजी ने शादी की रस्में शुरू की। पहले दोनों से सहमति ली गई। फिर पंडितजी ने लड़के को चुनरी दी, जिसे उसने लड़की को ओढ़ाया। दोनों ने एक - दूसरे को जयमाला पहनाई। लड़के ने मांग में सिंदूर भरा और लड़की ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बस पंडित जी ने कहा "जाओ, शादी हो गई"। 
शादी को दस्तावेजी रूप देने के लिए गांव वालों ने 100 रुपये का स्टांप पेपर मंगवाया। उस पर लिखा गया कि सामाजिक समझौते के तहत मंदिर में विवाह संपन्न हुआ। इस पर लड़का - लड़की, दोनों के पिता और एक - एक गवाह के हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद लड़की को लड़के के साथ विदा कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार लड़की के पिता मजदूरी करते हैं। तीन बहनों में वह सबसे बड़ी है और 8वीं तक पढ़ी है। लड़के के पिता भी मजदूर हैं। और लड़का 10वीं पास है और 5 बहनों व 1 भाई में तीसरे नंबर का है। वो बाहर एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था और अभी गांव आया हुआ था।
खोडारे थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं। परिवारों व ग्रामीणों की सहमति से मंदिर में शादी हुई है। मामले में कोई लिखित शिकायत नही आई है, अगर कोई शिकायत लेकर आता है तो जांच के बाद कमीं मिलने पर जरूरी कार्रवाई अवश्य की जाएगी।