आजमगढ़ :
आजमगढ़ सड़क हादसे में मऊ के रोडवेज बस चालक की मौत।
मधुबन निवासी रजनीकांत यादव उर्फ छोटू ने मौके पर तोड़ा दम, पांच महिलाएं घायल; दो मृतक की सगी बहनें।
दो टूक : आजमगढ़ जिले के थाना पवई क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मऊ के मधुबन निवासी रोडवेज बस चालक रजनीकांत यादव उर्फ छोटू (35) की मौत हो गई। हादसे में बस में सवार 33 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें मधुबन क्षेत्र की पांच महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार की रात करीब एक बजे पवई थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 191 के पास हुआ। लखनऊ से बेल्थरारोड जा रही रोडवेज बस को पशुओं से लदी तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि बलिया के बेल्थरा रोड डिपो की रोडवेज बस रात करीब 10 बजे लखनऊ से रवाना हुई थी। करीब तीन घंटे बाद रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बस चालक रजनीकांत यादव उर्फ छोटू पुत्र सुरेश यादव, निवासी नत्थूपुर थाना मधुबन, की मौके पर ही मौत हो गई। बस के आगे बैठी एक महिला की भी जान चली गई।
रक्षाबंधन पर घर लौट रही थीं महिलाएं
हादसे में घायल मधुबन थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों की पांच महिलाएं रक्षाबंधन पर्व पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए लखनऊ से घर लौट रही थीं। इनमें मृतक चालक रजनीकांत यादव की दो सगी बहनें भी शामिल हैं। वहीं मधुबन व्यापार मंडल अध्यक्ष बबलू ठठेरा की भतीजी साक्षी (20) भी हादसे में घायल हुई हैं, जो लखनऊ में पढ़ाई करती हैं। दो अन्य महिलाएं भी घायल बताई जा रही हैं।
हादसे की खबर जैसे ही मधुबन क्षेत्र में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के उल्लास के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा दुख है।
