गौतमबुद्धनगर: ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान की चोरी का बड़ा खुलासा, 75 लाख का माल बरामद; पांच गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान की चोरी कर उनकी खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस और SOG टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से Flipkart और Amazon समेत अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों से संबंधित करीब 75 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस और SOG टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस तथा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-69 स्थित ए-313 से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और रघुराज सिंह के रूप में हुई है।
डिलीवरी के रास्ते में बदल देते थे महंगा सामान
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पिछले करीब तीन से चार महीनों से ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान को निशाना बना रहा था। पुलिस के मुताबिक गिरोह का मुख्य सदस्य वासिद खान बताया जा रहा है। आरोपी अपने साथियों और कुछ डिलीवरी बॉय के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क को संचालित करते थे।
पुलिस के मुताबिक, डिलीवरी बॉय कंपनी के हब से ग्राहकों तक सामान पहुंचाने के लिए निकलने के बाद रास्ते में ही महंगे सामान को बदल देते थे। उनकी जगह सस्ता सामान रख दिया जाता था या पैकेट को खाली छोड़ दिया जाता था। इसके बाद चोरी अथवा बदले गए सामान को गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाया जाता था। गिरोह के सदस्य इन सामानों को खरीदकर आगे ग्राहकों को बेच देते थे।
प्रोटीन से लेकर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अलग-अलग प्रकार का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में 39 प्रोटीन के डिब्बे, 15 डिब्बे One Whey, 165 पैकेट बेबी वाइप्स, 18 जोड़ी जूते, 14 कान की मशीन, शुगर जांचने की तीन मशीन, चार बीपी मशीन, Protenex का एक डिब्बा सहित Flipkart और Amazon के विभिन्न आइटम शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस को 50 कपड़े के कार्टन, 50 बोरे तथा Flipkart और Amazon के खाली पैकेट व रैपर्स भी मिले हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है।
संगठित तरीके से चल रहा था चोरी का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, गिरोह में शामिल आरोपियों की भूमिका अलग-अलग निर्धारित थी। डिलीवरी के दौरान सामान बदलने से लेकर उसे एक स्थान पर एकत्र करने, खरीदने और आगे बेचने तक का काम अलग-अलग सदस्य करते थे। इस तरह आरोपी ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान को चोरी कर आर्थिक लाभ कमाने में जुटे थे।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 319/2026, धारा 318(4)/314/316(3)/316(4)/320/303(2)/61(2) बीएनएस एवं वृद्धि धारा 317(2) बीएनएस के तहत थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने के साथ फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों में वासिद खान (32), सुनील कुमार (26), विजय सिंह (20), धर्मेंद्र (35) और रघुराज सिंह (23) शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान की चोरी एवं खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
