मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: दनकौर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: गौकशी के आरोपी के पैर में लगी गोली, हथियार, चोरी की बाइक और संदिग्ध सामान बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दनकौर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: गौकशी के आरोपी के पैर में लगी गोली, हथियार, चोरी की बाइक और संदिग्ध सामान बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के थाना दनकौर क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में गौकशी के मामले में वांछित आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। मौके से अवैध तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल, इंजेक्शन, सीरिंज, धारदार हथियार और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ है। वहीं उसके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को थाना दनकौर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम सेक्टर-18, पॉकेट-5C स्थित पार्क के पास पहुंची, जहां एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के पास चार संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान मेहताब पुत्र मेहरबान निवासी ग्राम दौला रजपुरा, थाना दनकौर, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।

पूछताछ में घायल आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 जुलाई 2026 को गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना दनकौर में मु0अ0सं0 174/2026 के तहत गौवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा पहले से दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल, MEPHENTERMINE SULPHATE इंजेक्शन, LIGNOCAINE HYDRO CHLORIDE इंजेक्शन, चार सील पैक सीरिंज, दो चापड़, चार छुरियां, चार प्लास्टिक की रस्सियां तथा चार प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मेहताब के खिलाफ वर्ष 2019 में भी थाना दनकौर में गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2026 में दर्ज गौकशी के मामले में भी वह वांछित चल रहा था। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।