गौतमबुद्धनगर हॉकी टीम का फाइनल में धमाकेदार प्रवेश, बागपत को 7-1 से रौंदा!!
मेरठ जोन की 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर भी फाइनल में पहुंचा, आज खिताबी मुकाबला
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, बीटा-2, ग्रेटर नोएडा में चल रही मेरठ जोन की 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 में गौतमबुद्धनगर पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। रविवार को खेले गए पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में गौतमबुद्धनगर ने बागपत की टीम को एकतरफा मुकाबले में 7-1 से करारी शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता में रविवार को पुरुष वर्ग के तीन महत्वपूर्ण मुकाबले खेले गए। पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरनगर और हापुड़ की टीमें आमने-सामने हुईं। रोमांचक मुकाबले में मुजफ्फरनगर ने हापुड़ को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद पहले सेमीफाइनल में मेजबान गौतमबुद्धनगर की टीम का मुकाबला बागपत से हुआ। गौतमबुद्धनगर के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और शानदार तालमेल के साथ बागपत पर लगातार दबाव बनाए रखा। टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 7-1 के बड़े अंतर से अपने नाम किया और फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में मुजफ्फरनगर और मेरठ के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया, लेकिन अंततः मुजफ्फरनगर ने मेरठ को 5-4 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
अब प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मुकाबला सोमवार, 24 अगस्त को खेला जाएगा। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला मेरठ और गाजियाबाद के बीच सुबह 11 बजे होगा। इसके बाद पुरुष वर्ग का खिताबी मुकाबला गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर के बीच दोपहर 3 बजे खेला जाएगा।
गौतमबुद्धनगर की टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद अब स्थानीय खेल प्रेमियों की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। मेजबान टीम के पास अपने ही मैदान पर खिताब जीतकर प्रतियोगिता का समापन यादगार बनाने का सुनहरा मौका है।
