सुल्तानपुर :
बाइक की जोरदार टक्कर में 66 वर्षीय बुजुर्ग की मौत,इलाज के दौरान तोड़ा दम।
दो टूक : सुल्तानपुर जनपद के अखण्डनगर-कादीपुर मार्ग पर विद्युत उपकेंद्र के मोड़ के पास शनिवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में 66 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल नरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बंगाली सिंह पुत्र चन्द्र प्रताप सिंह निवासी हसनपुर टैनी की उपचार के दौरान पीजीआई टांडा, अम्बेडकरनगर में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक नरेंद्र प्रताप सिंह अपनी मोटरसाइकिल से कन्नूपुर, जलालपुर स्थित ससुराल से मामा के घर से लौटकर हसनपुर टैनी स्थित अपने घर जा रहे थे। शनिवार करीब 12 बजे विद्युत उपकेंद्र के मोड़ के पास वह बाइक रोककर मुड़ने के लिए खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे बड़गांव निवासी अभिषेक पुत्र शिवचरण ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र प्रताप सिंह सड़क पर गिर पड़े। उनके पैर में फ्रैक्चर होने के साथ सिर में गंभीर चोट आई। बताया गया कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहन रखा था। वहीं दूसरी बाइक सवार अभिषेक के हाथ में भी चोट आई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने नरेंद्र प्रताप सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई टांडा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों बाइक कब्जे में लीं
थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पुत्र सौरभ सिंह ने बताया कि उनके पिता ससुराल से घर लौट रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी मंजू देवी, पुत्र सौरभ व विपिन सिंह और पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से परिजनों और रिश्तेदारों में शोक की लहर है।
