गौतमबुद्धनगर: महंत रामदास महाराज की 23वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, हवन-पूजन व विशाल भंडारे का आयोजन!!
समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर अशोक भाटी ने किया भावपूर्ण नमन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
दो टूक//नोएडा, 29 अगस्त 2026। सलारपुर स्थित प्राचीन काली मंदिर में शनिवार को संत शिरोमणि महंत रामदास जी महाराज की 23वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन-पूजन, कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन महंत चंद्रशेखर गिरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और पूरा वातावरण मंत्रोच्चार एवं भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान एवं भारतीय किसान यूनियन, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने मंदिर परिसर में विराजमान बजरंगबली, शनिदेव, राम दरबार, शिव परिवार, मां काली तथा महंत रामदास जी महाराज का विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने महंत रामदास जी महाराज की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
हवन एवं पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने महंत रामदास जी महाराज को नमन करते हुए क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
‘टिकैत रसोई’ के माध्यम से हुआ विशाल भंडारा
धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व एवं संचालन में ‘टिकैत रसोई’ के माध्यम से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सलारपुर सहित आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर अशोक भाटी ने कहा कि महंत रामदास जी महाराज की कृपा और आशीर्वाद आज भी गांव और पूरे क्षेत्र पर बना हुआ है। सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा का स्मरण करने वाले भक्तों को सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि महंत रामदास जी महाराज के प्रति क्षेत्र के लोगों की आस्था आज भी उतनी ही गहरी है और उनके आशीर्वाद से क्षेत्र के अनेक परिवारों ने जीवन में उन्नति एवं खुशहाली हासिल की है।
अशोक भाटी ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का उद्देश्य केवल परंपराओं का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा, सेवा, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सेवा को वह हमेशा पुण्य कार्य मानते हैं और इसी भावना के साथ ‘टिकैत रसोई’ के माध्यम से निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में पंडित राजेश मिश्रा, मनोज त्यागी, सिंहराज गुर्जर, अजय गुर्जर, अनिल खारी, कमलजीत खारी, कृष्ण भाटी, ओम भाटी, गोपाल पांडे, अमित कुमार, जित्ते गुर्जर, धर्मेंद्र भाटी, रविंद्र भाटी, बिजेंद्र भड़ाना, डॉ. सुरेंद्र शर्मा, रामकुमार भड़ाना एवं अमित भड़ाना सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में महंत रामदास जी महाराज के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने उनकी समाधि पर नमन करते हुए क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
