शनिवार, 29 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: बच्ची की हत्या के आरोपी और ईकोटेक-3 पुलिस के बीच मुठभेड़, गोली लगने से आरोपी की मौत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बच्ची की हत्या के आरोपी और ईकोटेक-3 पुलिस के बीच मुठभेड़, गोली लगने से आरोपी की मौत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी अभियुक्त बलराज को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। इसी दौरान आरोपी ने झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखा अवैध .32 बोर पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने बच्ची की हत्या की घटना के आरोपी बलराज पुत्र खेमचंद, निवासी ग्राम तिलपता, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर तथा वर्तमान निवासी ग्राम हल्द्वानी, थाना ईकोटेक-3 को सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने घटना में प्रयुक्त चाकू को डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखने की बात बताई। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर चाकू की बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची।

बताया गया है कि आरोपी ने झाड़ियों से चाकू निकालकर पुलिस को बरामद करा दिया। इसी दौरान उसने मौका पाकर अचानक झाड़ियों में छिपाकर रखा हुआ अवैध .32 बोर पिस्टल निकाल लिया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आरोपी की गोलीबारी में थाना ईकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से आरोपी बलराज गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल रवि कुमार और आरोपी बलराज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल हेड कांस्टेबल का उपचार जारी है।

पुलिस ने मृत आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी की मौत के बाद पुलिस मुठभेड़ और पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की भी नियमानुसार जांच की जाएगी।।