गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-63 बिजलीघर में कथित रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, महिला से पैसे लेते दिखा कर्मचारी!!
दो टूक//नोएडा। नोएडा के सेक्टर-63 स्थित डी-ब्लॉक बिजलीघर से कथित रिश्वतखोरी का एक वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में बिजलीघर में तैनात एक कथित कर्मचारी एक महिला से पैसे लेते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में महिला पैसे नहीं होने की बात कहते हुए गुहार लगाती भी दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि बिजलीघर परिसर में हुई इस कथित लेन-देन की घटना किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति बिजलीघर में तैनात कर्मचारी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग में कथित रिश्वतखोरी को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति विभागीय कर्मचारी है और उसने किसी काम के एवज में पैसे लिए हैं, तो मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और पैसे लेने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की तस्वीर संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
अब देखना होगा कि बिजली विभाग के अधिकारी वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच कराते हैं या नहीं और जांच में यदि रिश्वत लेने की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल यह वीडियो बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और उपभोक्ताओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
