सोमवार, 24 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन का असर: चोरी के मामले में दो आरोपियों को कठोर कारावास, अर्थदंड भी लगा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन का असर: चोरी के मामले में दो आरोपियों को कठोर कारावास, अर्थदंड भी लगा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते चोरी के मामले में न्यायालय ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए कठोर कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल, थाना सेक्टर-24 पुलिस और अभियोजन इकाई की प्रभावी पैरवी का परिणाम बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-24 में दर्ज मु0अ0सं0 42/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले में न्यायालय ने अभियुक्त राहुल पुत्र रमेश, निवासी ग्राम असगरपुर, सेक्टर-128, नोएडा तथा नावेद पुत्र फलहसन, निवासी ग्राम फतेहपुर, डेटा हिलव्यू अपार्टमेंट जी-6, थाना फतेहपुर, जिला बेरी, दिल्ली को दोषी पाया।

न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों को धारा 303(2) बीएनएस के तहत 6 माह 22 दिन के कठोर कारावास तथा 500-500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड जमा नहीं करने की स्थिति में प्रत्येक अभियुक्त को दो-दो दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

इसके साथ ही न्यायालय ने धारा 317(2) बीएनएस के तहत भी दोनों अभियुक्तों को 6 माह 22 दिन के कठोर कारावास और 500-500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। इस धारा में भी अर्थदंड जमा न करने पर प्रत्येक अभियुक्त को दो-दो दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से बताया गया कि “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत गंभीर एवं आपराधिक मामलों में अभियुक्तों को सजा दिलाने के लिए मॉनिटरिंग सेल, संबंधित थाना पुलिस और अभियोजन इकाई द्वारा लगातार प्रभावी पैरवी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को न्यायालय से दंडित कराने के लिए आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई और पैरवी जारी रहेगी।।