सोमवार, 24 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: सर्विलांस की मदद से मिली बड़ी कामयाबी, 50 लाख रुपये के 225 गुमशुदा मोबाइल मालिकों को लौटाए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सर्विलांस की मदद से मिली बड़ी कामयाबी, 50 लाख रुपये के 225 गुमशुदा मोबाइल मालिकों को लौटाए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा पुलिस ने CEIR पोर्टल के जरिए खोजे महंगे स्मार्टफोन, मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे

दो टूक//नोएडा, 24 अगस्त 2026।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल नोएडा तथा थाना सेक्टर-39 पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से अलग-अलग कंपनियों के 225 कीमती स्मार्टफोन खोज निकाले गए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक ये मोबाइल फोन कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में अलग-अलग लोगों के भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो, बसों तथा सुबह-शाम टहलने के दौरान गिर गए थे या कहीं छूट गए थे। मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने नोएडा जोन के विभिन्न थानों में इसकी सूचना दर्ज कराई थी।

पुलिस टीम ने इन गुमशुदा मोबाइल फोन को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल शुरू किया। CEIR पोर्टल और सर्विलांस सिस्टम के जरिए मोबाइल फोन की लोकेशन एवं इस्तेमाल से संबंधित जानकारी को ट्रेस करते हुए 225 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद सोमवार को इन सभी मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द किया गया।

मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। पुलिस की इस पहल से न केवल लोगों को उनके कीमती मोबाइल वापस मिले, बल्कि गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल का भी उदाहरण सामने आया है।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार, पुलिस उपायुक्त नोएडा श्री साद मियां खान के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल नोएडा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर एवं थाना सेक्टर-39 पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल का लगातार प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, ताकि लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस दिलाए जा सकें।।