सोमवार, 24 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को प्रशासन ने दी रफ्तार, यातायात से लेकर सुरक्षा तक व्यवस्थाओं की समीक्षा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को प्रशासन ने दी रफ्तार, यातायात से लेकर सुरक्षा तक व्यवस्थाओं की समीक्षा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026, देश-विदेश से बड़ी संख्या में निवेशकों, उद्यमियों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 24 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक, व्यापारिक और उद्यमिता क्षेत्र को वैश्विक मंच देने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। आगामी 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित होने वाले इस बड़े आयोजन को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। इनमें सांस्कृतिक समिति, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति, आवास व्यवस्था समिति, यातायात समिति और परिवहन समिति प्रमुख रूप से शामिल रहीं। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों, निवेशकों, उद्यमियों, प्रदर्शकों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता में रखा है। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान संभावित यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए वाहनों के सुचारु आवागमन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, विकास प्राधिकरणों तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से विस्तृत यातायात प्रबंधन कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

अतिथियों के ठहरने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां

बाहर से आने वाले अतिथियों, प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के लिए आवास व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित समिति को निर्देशित किया कि होटल एवं अन्य संस्थानों से समन्वय स्थापित कर ठहरने की व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।

वहीं, ट्रेड शो के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को भी समय से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए। प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति को आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ प्रचार सामग्री, सूचना पट्ट, संकेतक और आयोजन स्थल की ब्रांडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बिजली और अग्निशमन व्यवस्था की होगी पुख्ता तैयारी

आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग एवं एनपीसीएल के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आयोजन स्थल पर अग्नि सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण करने, पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने तथा आपातकालीन निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा, खाद्य सुरक्षा और इंटरनेट सेवाओं पर भी नजर

आयोजन स्थल पर चिकित्सा सुविधाओं को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी को आवश्यक चिकित्सा दल और आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों की नियमित जांच करने को कहा गया।

इसके अलावा दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों को आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों और आगंतुकों को संचार संबंधी किसी समस्या का सामना न करना पड़े।

समयबद्ध तरीके से पूरी हों सभी तैयारियां

अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ ही आयोजन से पहले व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या सामने आने पर संबंधित विभाग तत्काल आपसी समन्वय से उसका समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत, अग्निशमन, चिकित्सा, पेयजल, खाद्य सुरक्षा, दूरसंचार और पार्किंग जैसी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग गंभीरता, जिम्मेदारी और बेहतर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आर.के. गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार सहित जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।