रविवार, 23 अगस्त 2026

मऊ : रसोइयों को मिला ₹5 लाख का कैशलेस कार्ड, बढ़े मानदेय का डेमो चेक।।||मऊ : रसोइयों को मिला ₹5 लाख का कैशलेस कार्ड, बढ़े मानदेय का डेमो चेक।।||

शेयर करें:
मऊ : 
रसोइयों को मिला ₹5 लाख का कैशलेस कार्ड, बढ़े मानदेय का डेमो चेक।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से आयोजित रसोइया कैशलेस कार्ड वितरण एवं सम्मान समारोह का रविवार को मऊ में सजीव प्रसारण किया गया। इसी क्रम में नगरपालिका कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सदर तहसील क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को ₹5 लाख के प्रतीकात्मक कैशलेस कार्ड और बढ़े हुए ₹3,000 मानदेय के डेमो चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पीएम पोषण योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने रसोइयों से भोजन तैयार करते समय स्वच्छता, गुणवत्ता और पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखने की अपील की, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन मिल सके।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने उपस्थित अतिथियों और रसोइयों का स्वागत करते हुए कहा कि पोषण, शिक्षा और विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं शिक्षित बच्चे ही मजबूत राष्ट्र की नींव तैयार करते हैं। बीएसए ने रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और रसोइयों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, खंड शिक्षा अधिकारी रतनपुरा एवं परदहा, डीसी एमडीएम, बालिका शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, कार्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में रसोइया, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।।