रविवार, 23 अगस्त 2026

लखनऊ : रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, परिवहन मंत्री ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश।।||Lucknow: Free bus travel for women on Raksha Bandhan; Transport Minister issues strict security instructions.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, परिवहन मंत्री ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश।।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक :  रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश की महिलाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। पर्व के दौरान महिलाओं और बच्चों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने बसों के सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
विस्तार :
उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। साथ ही उन्होंने परिवहन निगम और विभागीय अधिकारियों को बसों के बेहतर रखरखाव तथा चालकों के नशामुक्त होकर ड्यूटी करने को लेकर सख्त निर्देश दिए।
फिटनेस जांच के बाद ही सड़क पर उतरेंगी बसें
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिया कि रक्षाबंधन के दौरान संचालित होने वाली सभी बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की पहले से जांच की जाए। किसी भी खराब या असुरक्षित बस का संचालन नहीं किया जाए। चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी से पहले आवश्यक जांच भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी चालक या परिचालक नशे की हालत में ड्यूटी पर नहीं होना चाहिए। नशे में ड्यूटी करते पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निजी बस, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन अनिवार्य
मंत्री ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। रक्षाबंधन पर संचालित निजी बसों के संचालकों को अपने चालकों और परिचालकों का आवश्यक पुलिस/चरित्र सत्यापन कराने तथा उसके अभिलेख सुरक्षित रखने को कहा गया है।
इसी तरह टैक्सी और ई-रिक्शा संचालकों को भी चालकों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। केवल सत्यापित और सक्षम चालकों से ही वाहनों का संचालन कराया जाएगा। किसी भी सार्वजनिक वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर कार्रवाई की जाएगी।
ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग पर होगी सख्ती
परिवहन मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा, रूट डायवर्जन और यातायात नियमों का प्रभावी पालन कराने को कहा है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि चालक निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और ओवरस्पीडिंग न करें।
इसके अलावा माल वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, वाहनों की मूल संरचना में अवैध बदलाव और अत्यधिक ध्वनि वाले डीजे सिस्टम के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन विभाग का स्पष्ट संदेश है कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सुरक्षित यात्रा में लापरवाही बरतने वाले चालक, परिचालक या वाहन संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।