गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-42 के पार्क की बदहाली पर उठे सवाल, उद्यान विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप!!
सामाजिक कार्यकर्ता चौधरी बीसी प्रधान ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से की तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-42 स्थित पार्क में साफ-सफाई और रखरखाव की बदहाल स्थिति को लेकर नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पार्क की देखरेख में लापरवाही और ठेकेदार की कथित मनमानी के चलते पार्क की स्थिति लगातार खराब होने का आरोप लगाया गया है। पार्क में जगह-जगह जंगली घास उग आई है, पेड़-पौधों की लंबे समय से छंटाई नहीं हुई है और कई बेंचें खराब हालत में पड़ी हैं। वहीं, कूड़ेदानों में भी कचरा जमा होने से पार्क में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता चौधरी बीसी प्रधान, जो लंबे समय से स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और जनहित के मुद्दों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रहते हैं, ने पार्क की बदहाली को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पार्क जैसी सार्वजनिक सुविधा की नियमित साफ-सफाई और देखरेख सुनिश्चित करना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि जिम्मेदार विभाग और संबंधित ठेकेदार अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं हैं।
चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि पार्क में जगह-जगह जंगली घास उग आई है। काफी समय तक पार्क में घास का अभाव रहा और अब जंगली घास तेजी से फैल गई है। पेड़ों और हैज की छंटाई भी लंबे समय से नहीं हुई है। कई बेंचें खराब अथवा जर्जर अवस्था में हैं, जबकि कूड़ेदान कचरे से भरे पड़े हैं। बारिश के मौसम में जंगली घास और गंदगी के कारण जहरीले कीड़े-मकोड़ों का खतरा भी बना रहता है, जिससे पार्क में आने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्क के रखरखाव को लेकर संबंधित ठेकेदार को कथित तौर पर इतनी छूट मिली हुई है कि काम नियमित रूप से हो या न हो, भुगतान की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। यदि ऐसा हो रहा है तो यह सीधे तौर पर जनता के पैसे के दुरुपयोग का मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में यह भी जांच होनी चाहिए कि पार्क के रखरखाव के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत है, ठेकेदार को किस आधार पर भुगतान किया जा रहा है और मौके पर वास्तव में कितना काम कराया जा रहा है।
सीईओ से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग
चौधरी बीसी प्रधान ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मांग की है कि सेक्टर-42 पार्क की स्थिति का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने पार्क से जंगली घास हटवाने के साथ नई घास लगाने, आवश्यक स्थानों पर नए पेड़-पौधे लगाने, जर्जर बेंचों को बदलने तथा हैज और पेड़ों की नियमित छंटाई कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पार्क की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ कूड़ेदानों की नियमित सफाई और पूरे परिसर के समुचित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही, यदि जांच में अधिकारियों या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी धन और जनसुविधाओं के रखरखाव को लेकर इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि पार्क केवल हरियाली का स्थान नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य, मनोरंजन और बच्चों के सुरक्षित वातावरण से जुड़ी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा है। ऐसे में इसकी बदहाली को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। उन्होंने प्राधिकरण से उम्मीद जताई कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की जाएगी और सेक्टर-42 के पार्क को फिर से साफ-सुथरा, हरा-भरा और लोगों के उपयोग के योग्य बनाया जाएगा।।
