गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बाइक सवार मोबाइल स्नैचर गैंग का खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार; 3 मोबाइल, नकदी और चाकू बरामद!!
सेक्टर-58 पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप, चोरी की बाइक पर राहगीरों को बनाते थे निशाना; लूटे गए मोबाइल बेचकर उड़ाते थे रकम
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, चोरी एवं स्नैचिंग के तीन मोबाइल फोन, 2,000 रुपये नकद और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों को डराने-धमकाने के बाद उनके मोबाइल फोन छीनते थे।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम ने सेक्टर-62, नोएडा के सामने से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित (26), हर्ष कुमार (22) और यसवंत उर्फ यश उर्फ सागर (26) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
ई-रिक्शा सवार व्यक्ति से छीना था गूगल पिक्सल मोबाइल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इसी महीने 17 अगस्त को उन्होंने मिलकर सेक्टर-62 स्थित डी-पार्क के पास ई-रिक्शा में जा रहे एक व्यक्ति से Google Pixel 6a मोबाइल फोन छीना था। इसके बाद लूटे गए मोबाइल को राह चलते एक व्यक्ति को करीब 4,000 रुपये में बेच दिया था। बिक्री से मिले पैसों में से 2,000 रुपये उनके पास बचे थे, जबकि बाकी रकम उन्होंने मौज-मस्ती में खर्च कर दी।
इस घटना के संबंध में थाना सेक्टर-58 में मु0अ0सं0 286/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बरामद 2,000 रुपये को इसी घटना से संबंधित बताया है।
चोरी की बाइक पर करते थे मोबाइल स्नैचिंग
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर सड़कों पर घूमते थे और मौका मिलते ही राहगीरों को निशाना बनाते थे। आरोप है कि अवैध चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने के बाद उनके मोबाइल फोन छीन लिए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेडमी का एक और वीवो के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस इन मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
बरामद मोटरसाइकिल UP16BV-6330 के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है कि इसे कहां से और किस घटना में चोरी किया गया था।
हर्ष पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हर्ष कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास है और वह थाना सेक्टर-58 से पूर्व में जेल भी जा चुका है। हर्ष के खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में चोरी, लूट/स्नैचिंग तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं यसवंत उर्फ यश उर्फ सागर के खिलाफ भी थाना सेक्टर-58 में वर्ष 2026 के दौरान कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। आरोपी रोहित के खिलाफ भी थाना सेक्टर-58 में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने यह सामान किया बरामद
- चोरी की एक मोटरसाइकिल संख्या UP16BV-6330
- चोरी/स्नैचिंग के 3 मोबाइल फोन
- 2,000 रुपये नकद
- 2 अवैध चाकू
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।।
