सोमवार, 17 अगस्त 2026

उन्नाव : गंगाघाट में पुलिस मुठभेड़,तीन लुटेरे गिरफ्तार, 2.95 लाख नकद और लाखों के जेवर बरामद।।||Unnao: Police encounter in Gangaghat; three robbers arrested; 2.95 lakh rupees in cash and jewellery worth lakhs recovered.||

शेयर करें:
उन्नाव : 
गंगाघाट में पुलिस मुठभेड़,तीन लुटेरे गिरफ्तार, 2.95 लाख नकद और लाखों के जेवर बरामद।।
दो टूक : उन्नाव जनपद के गंगाघाट थाना क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी, सर्विलांस और थाना गंगाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों को पैर में गोली लगने के बाद दबोचा, जबकि तीसरे आरोपी को मौके से हिरासत में लिया गया।मुठभेड़ में दो आरोपियों के घायल होने और तीसरे की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने न सिर्फ लूट का खुलासा किया, बल्कि नकदी, जेवर, हथियार और लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है।
विस्तार :
एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 7 अगस्त 2026 को डकारी गांव में वैशाली किन्नर के घर लूट की घटना हुई थी। बदमाश घर में घुसे और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें दुपट्टे से बांध दिया। इसके बाद नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोबाइल फोन, अपाचे बाइक और सीसीटीवी का डीवीआर लूट ले गए थे।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल।
पुलिस को 16 अगस्त की रात मुखबिर से आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद कनोड़िया पंप के आगे विकलांग स्कूल के गेट के अंदर पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद दो बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शईम उर्फ सोएब, शफीक उर्फ जग्गा और अली रजा उर्फ राजा के रूप में हुई है। घायल शईम और शफीक को उपचार के लिए जिला अस्पताल उन्नाव भेजा गया।
लूट का माल बरामद, 2.95 लाख रुपये कैश मिला।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 95 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल, सोने-चांदी के बड़ी संख्या में आभूषण, दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की काली अपाचे बाइक बरामद की है।
बरामद जेवरात में कंगन, चूड़ियां, झुमके, बेसर, चेन, मंगलसूत्र, रानी हार, अंगूठियां, माथ बेदी, ब्रेसलेट, पायल और अन्य आभूषण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, शईम से 1.05 लाख रुपये, शफीक उर्फ जग्गा से 1.40 लाख रुपये और अली रजा से 50 हजार रुपये बरामद हुए।
दो माह पहले रची गई थी लूट की साजिश।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि करीब दो महीने पहले उन्हें कानपुर के पास गंगापार स्थित एक मकान में भारी नकदी और सोने-चांदी के जेवर होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद रेकी कर 6/7 अगस्त की रात वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपियों ने सीढ़ी के रास्ते घर में प्रवेश किया और लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की। वारदात के बाद लूटे गए माल का काशीराम कॉलोनी, सनिगवां में बंटवारा किया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल चौथा आरोपी चोरी के एक मामले में फतेहपुर जेल में बंद है।
पुराने अपराधों का भी रिकॉर्ड।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शफीक उर्फ जग्गा का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ फतेहपुर समेत विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी, सेंधमारी, गैंगस्टर और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शईम उर्फ सोएब के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और लूट से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। लूट की घटना के अनावरण के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को 50 हजार का इनाम।
घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ रेंज ने 50 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।