अम्बेडकर नगर :
मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार,पैर में लगी गोली।
।।ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के थाना जैतपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार शाम पुलिस मुठभेड़ के दौरान ₹25,000 का इनामी वांछित अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार:
पुलिस के अनुसार, थाना जैतपुर क्षेत्र में अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान शाम करीब 5:40 बजे ग्राम जैतपुर स्थित रामधारी मौर्या की बाग के पास पुलिस टीम का एक वांछित बदमाश से आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक बदमाश ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान पप्पू पुत्र चंद्रिका प्रसाद, निवासी ग्वारी चमारन का पुरवा, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाना जैतपुर में दर्ज मु0अ0सं0-62/2026 और 63/2026 में वांछित था तथा उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
26 मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अम्बेडकरनगर, आजमगढ़ और गाजीपुर जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर अपराधों के करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं।
घायल अभियुक्त को चिकित्सीय उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अम्बेडकरनगर पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
