लखनऊ :
UPI के जरिए 90 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी।।
दो टूक : लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ UPI के माध्यम से कुल 90 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित हरेन्द्र सिंह ने थाना पीजीआई में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
विस्तार :
थाना पीजीआई क्षेत्र वृन्दावन योजना सेक्टर 7ए निवासी हरेन्द्र सिंह ने स्थानीय थाने मे दी तहरीर के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को अलग-अलग दो UPI ट्रांजेक्शन के जरिए उसके बैंक खाते से कुल 90 हजार रुपये संदिग्ध खातों में ट्रांसफर हो गए। पहली रकम PhonePe के जरिए 50 हजार रुपये Aasik नामक व्यक्ति के खाते में भेजी गई, जबकि दूसरी 40 हजार रुपये Google Pay के माध्यम से Soeb नामक व्यक्ति को ट्रांसफर हुई। दोनों लेन-देन का स्टेटस पूर्ण बताया गया है।
पीड़ित ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में दोनों ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट, बैंक स्टेटमेंट, UPI विवरण और अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है। पीड़ित का कहना है कि मामले की शिकायत पहले ही साइबर क्राइम में दर्ज कराई जा चुकी है। शिकायत संख्या 33108260211522 और 23108260167676 तथा साइबर सेल हजरतगंज में दर्ज शिकायत का CCN नंबर 3038/2026 बताया गया है।
पीड़ित ने पुलिस से संबंधित बैंक, UPI सेवा प्रदाताओं, PhonePe और Google Pay से आवश्यक जानकारी हासिल कर रकम प्राप्त करने वाले खाताधारकों की पहचान कराने की मांग की है। साथ ही 90 हजार रुपये की धनराशि को तत्काल फ्रीज/होल्ड कराने और रकम की वापसी के लिए कानूनी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
पुलिस से मामले की जांच कर ऑनलाइन ठगी में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
