गुरुवार, 27 अगस्त 2026

गोण्डा- मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन कार्रवाई, 20 किग्रा खाद्य पदार्थ जब्त, 264 किग्रा सामग्री नष्ट,श्रीनगर बाबागंज/रगड़गंज/कर्नलगंज/मनकापुर/परसपुर में रही टीम

शेयर करें:
गोण्डा- आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उप्र लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी गोण्डा के निर्देश के क्रम में रक्षाबन्धन पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान तुलसीपुर मांझा क्षेत्र से खोवा के दो नमूने, पनीर का एक नमूना तथा एसएमपी के दो नमूने लिए गए। तहसील तरबगंज क्षेत्र से गुलाब जामुन, बर्फी एवं कलाकंद के नमूने संकलित किए गए। इसी क्रम में श्रीनगर एवं बाबागंज से छेना मिठाई, रगड़गंज से पेड़ा, गुलाब जामुन एवं बर्फी के नमूने लिए गए। कर्नलगंज क्षेत्र से घी एवं आटा तथा मनकापुर से रसभरी मिठाई का नमूना लिया गया। परसपुर क्षेत्र से छेना मिठाई का नमूना संकलित किया गया। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच हेतु भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे रक्षाबन्धन विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद में अबतक कुल 22 खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान लगभग 20 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनका अनुमानित मूल्य करीब 10 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त लगभग 264 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिनका अनुमानित मूल्य करीब 60 हजार रुपये है, को नष्ट कराया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। 
मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबन्धन पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों एवं अन्य संबंधित स्थानों पर निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। 
विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबल एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच अवश्य करें तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी संबंधित विभाग को दें।