गौतमबुद्धनगर: बीटा-2 पुलिस के हत्थे चढ़े वाहन चोर गिरोह के दो आरोपी, चोरी की बाइक और दो अवैध चाकू बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार में मुकदमा दर्ज होना पाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सूचना के आधार पर ओमेक्स गोल चक्कर के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल पुत्र नसीरुद्दीन, निवासी कल्याणपुरी, ओल्ड फरीदाबाद, हरियाणा और इमान पुत्र इस्लाम, निवासी किराये का मकान ग्राम सिरसा, थाना कासना, ग्रेटर नोएडा, मूल निवासी ओल्ड फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।
चोरी की बाइक के साथ दो चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या DL 1SV 7223 बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह मोटरसाइकिल गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार में दर्ज मुकदमा संख्या 331/25, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए।
बीटा-2 थाने में भी मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में मुकदमा संख्या 307/26, धारा 317(2) बीएनएस एवं धारा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चोरी की बाइक को कहां और किस उद्देश्य से इस्तेमाल कर रहे थे तथा उनके साथ इस गतिविधि में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
