शनिवार, 8 अगस्त 2026

दिल्ली: नोएडा से घर लौट रहा 18 वर्षीय युवक नाले के तेज बहाव में बहा, देर रात तक नहीं मिला सुराग; रेस्क्यू टीमों का सर्च ऑपरेशन जारी!!

शेयर करें:

दिल्ली: नोएडा से घर लौट रहा 18 वर्षीय युवक नाले के तेज बहाव में बहा, देर रात तक नहीं मिला सुराग; रेस्क्यू टीमों का सर्च ऑपरेशन जारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दिल्ली के मदनपुर खादर में दर्दनाक हादसा, प्रियंका कैंप के पास नाले में फिसलकर गिरा युवक; पुलिस, DDMA और फायर सर्विस की टीमों ने चलाया तलाश अभियान

दो टूक//नई दिल्ली। मदनपुर खादर इलाके में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। नोएडा से अपने घर लौट रहा 18 वर्षीय युवक प्रियंका कैंप, अली गांव के पास तेज बहाव वाले नाले में फिसलकर गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के साथ DDMA ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। रेस्क्यू टीमों की ओर से युवक की तलाश लगातार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, भीम कॉलोनी, अली विहार निवासी अंकित (18) पुत्र सुनील शुक्रवार रात नोएडा से अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह प्रियंका कैंप के पास स्थित नाले के करीब पहुंचा, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह नाले में जा गिरा। नाले में पानी का बहाव तेज होने के चलते अंकित देखते ही देखते पानी के साथ बह गया।

PCR कॉल मिलते ही पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद शुक्रवार रात करीब घटना की सूचना PCR के माध्यम से सरिता विहार थाना पुलिस को दी गई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और SI रोशन लाल को मामले की जांच एवं मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

SI रोशन लाल बीट स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पुलिस को शिकायतकर्ता मनीष पुत्र राज किशोर, निवासी भीम कॉलोनी, अली विहार, दिल्ली मिला। पुलिस ने उससे घटना के संबंध में जानकारी ली।

मनीष ने पुलिस को बताया कि अंकित उसका दोस्त है और नोएडा से वापस लौट रहा था। प्रियंका कैंप नाले के पास पहुंचने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर गया। पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण अंकित उसमें बह गया।

DDMA और फायर सर्विस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव टीमों को मौके पर बुलाया। DDMA ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस के फायर टेंडर WT-74 की मदद से नाले में युवक की तलाश शुरू की गई।

रेस्क्यू टीमों ने नाले के आसपास और पानी के बहाव की दिशा में काफी दूर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। कई स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी अंकित का कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों में मचा कोहराम, तलाश अभी जारी

18 वर्षीय युवक के नाले में बह जाने की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर अंकित के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं, पुलिस और रेस्क्यू टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक पानी के बहाव में कितनी दूर तक बह गया। रेस्क्यू टीमों द्वारा नाले के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च किया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास भी जांच कर रही है।।