शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

मऊ :दोहरीघाट में 1.82 करोड़ की लागत से होगा संत रविदास मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार।||Mau:The Saint Ravidas Temple at Doharighat will be renovated at a cost of ₹1.82 crore.||

शेयर करें:
मऊ :
दोहरीघाट में 1.82 करोड़ की लागत से होगा संत रविदास मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार।
◆मंत्री ए.के. शर्मा ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का किया शुभारंभ, बोले—संत रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत।
विस्तार :
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को जनपद मऊ के दोहरीघाट में संत रविदास जी के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। नगर विकास विभाग की वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 1.82 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का भव्य जीर्णोद्धार एवं विकास कराया जाएगा।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संत रविदास मंदिर को आकर्षक, भव्य एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इससे यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक संदेश का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर मंत्री  ए.के. शर्मा ने कहा कि “संत रविदास जैसे महान संत-महापुरुष के मंदिर के निर्माण एवं जीर्णोद्धार में योगदान देना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यह ईश्वर की कृपा है कि मुझे इस पवित्र कार्य में सहभागी बनने का अवसर प्राप्त हुआ।”
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने ऊंच-नीच और भेदभाव की भावना का विरोध करते हुए मानव मात्र की समानता पर बल दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संत-महापुरुषों की स्मृतियों तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एवं आकर्षक बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वंदन योजना के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों का विकास कर उन्हें श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। दोहरीघाट स्थित संत रविदास मंदिर का विकास भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री शर्मा ने कहा कि मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक संदेश को भी व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। ऐसे स्थल हमारी गौरवशाली परंपरा और संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ ही संत-महापुरुषों के आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे।
1.82 करोड़ रुपये की परियोजना से दोहरीघाट में विकसित होने वाला संत रविदास मंदिर आने वाले समय में श्रद्धा, संस्कृति, सामाजिक समरसता और प्रेरणा का प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद है।