गौतमबुद्धनगर: पार्क में मिली तीन साल की बच्ची, डायल-112 की टीम ने तीन घंटे में परिजनों को खोजकर किया सकुशल सुपुर्द!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-58 क्षेत्र में बुधवार को पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली। पार्क में लावारिस हालत में घूम रही करीब तीन वर्षीय बच्ची को डायल-112 की पीआरवी टीम ने अपनी सुरक्षा में लिया और करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद उसके परिजनों को तलाश कर बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के एक पार्क में एक व्यक्ति ने डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि करीब तीन वर्ष की एक बच्ची अकेली घूम रही है। बच्ची अपना नाम और पता बताने में असमर्थ थी। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को अपनी संरक्षा में ले लिया।
पुलिसकर्मियों ने बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में व्यापक स्तर पर प्रयास शुरू किए। टीम ने ग्राम बिशनपुरा और खोड़ा क्षेत्र में पीए सिस्टम के माध्यम से सूचना प्रसारित कराई और अन्य स्थानीय स्रोतों से भी बच्ची के परिवार के बारे में जानकारी जुटाई।
पुलिसकर्मियों की लगातार मेहनत और सक्रियता का नतीजा रहा कि करीब तीन घंटे के भीतर बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिजनों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस और डायल-112 की टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि आपात स्थिति में डायल-112 की पुलिस टीम न केवल त्वरित कार्रवाई करती है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करती है।।
