बुधवार, 26 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात: नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 100 ई-बसों में दो दिन मुफ्त सफर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात: नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 100 ई-बसों में दो दिन मुफ्त सफर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक महिलाओं को मिलेगा नि:शुल्क यात्रा का लाभ, सहवर्ती के साथ सफर की सुविधा

दो टूक//नोएडा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन के अवसर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित होने वाली 100 ई-बसों में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी।

उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश के तहत रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में यूपीएसआरटीसी के माध्यम से संचालित 100 ई-बसों को भी इस सुविधा में शामिल किया गया है।

सहवर्ती के साथ मिलेगा मुफ्त सफर का लाभ

सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में एक सहवर्ती के साथ नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसका लाभ नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित ई-बसों में भी मिलेगा।

27 अगस्त सुबह से शुरू होगी सुविधा

महिलाओं के लिए नि:शुल्क यात्रा की सुविधा 27 अगस्त सुबह 6 बजे से शुरू होकर 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान 100 ई-बसों में सफर करने वाली पात्र महिला यात्रियों को निर्धारित अवधि में किराया नहीं देना होगा।

रक्षाबंधन पर घर पहुंचना होगा आसान

रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार के अन्य सदस्यों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। ऐसे में सरकार के इस निर्णय से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। ई-बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से पर्व के दौरान सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं का सफर आसान और सुविधाजनक होगा।

प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से इस सुविधा को निर्धारित अवधि में लागू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।।