बुधवार, 26 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार का था इनाम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार का था इनाम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित ग्राम बलवापुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस को स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के जरिए आरोपी वीरपाल के संबंध में जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे ग्राम बलवापुर, थाना गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी वीरपाल वादिया का संबंधी है। आरोप है कि उसने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए। जब युवती ने आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। बुधवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरपाल पुत्र स्वर्गीय कैलाश, निवासी ग्राम हाजीपुरा ताररा, थाना सैंद नगली, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 में मुकदमा अपराध संख्या 309/2026, धारा 69/351(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर फरार आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है।।