गुरुवार, 20 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में वुडन डाई मेकर कंपनी में भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में वुडन डाई मेकर कंपनी में भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

लाखों रुपये का सामान जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका; राहत की बात—हादसे में कोई जनहानि नहीं

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में बुधवार को एक वुडन डाई मेकर कंपनी में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कंपनी परिसर से धुएं का गुबार उठने लगा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे तक चले कड़ी मशक्कत के बाद फायर विभाग की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हादसे में कंपनी में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में स्थित वुडन डाई मेकर कंपनी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ टीम, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतमबुद्धनगर तथा एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

आग की भयावहता को देखते हुए फायर सर्विस की कई यूनिटों को मौके पर बुलाया गया। दमकल की कुल 10 गाड़ियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को चारों ओर से नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से भी रोक लिया गया।

आग लगने से कंपनी के अंदर रखा लकड़ी एवं डाई बनाने से संबंधित सामान, मशीनरी और अन्य सामग्री के बड़े पैमाने पर क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आ रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आग से हुए वास्तविक नुकसान और घटना के सटीक कारणों का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।

घटना के दौरान पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने कंपनी परिसर को सुरक्षित कराया तथा यह सुनिश्चित किया कि आग दोबारा न भड़के। राहत और बचाव अभियान के दौरान किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और पुलिस व फायर विभाग की टीमें घटना के संबंध में आवश्यक जांच कर रही हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। घटना में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किए जाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।।