मऊ :
तेज रफ्तार बाइक ने तोड़ा रेलवे फाटक, सड़क मार्ग पर लगा जाम।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मऊ जनपद थाना कोपागंज क्षेत्र इंदारा-वाराणसी रेल मार्ग पर इंदारा रेलवे स्टेशन स्थित पश्चिमी फाटक संख्या 4सी स्पेशल पर मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार बाइक सवार ने बंद हो रहे रेलवे फाटक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे फाटक टूट कर गिर गया। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से भागने में सफल रहा।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे ट्रेन संख्या 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस (अमृतसर से जयनगर) के गुजरने के लिए केबिन मैन रेलवे क्रासिंग का फाटक बंद कर रहा था। उसी दौरान अदरी की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट के बाइक सवार ने बंद होते फाटक के बीच से निकलने की कोशिश की। इस प्रयास में अनियंत्रित बाइक सीधे फाटक से जा टकराई, जिससे फाटक क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।
फाटक टूटने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद गेटमैन विवेक कुमार गुप्ता ने तत्काल स्टेशन मास्टर और आरपीएफ को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे टेक्निकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्लाइडर जंजीर लगाकर दोनों तरफ फंसे वाहनों को सुरक्षित पार कराया। रेलवे कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त फाटक को दुरुस्त किया।
घटना की सूचना पर इंदारा आरपीएफ प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। रेलवे अधिकारियों के अनुसार फाटक टूटने से रेलवे को लगभग 24,976 रुपये का नुकसान हुआ है। आरपीएफ आरोपी बाइक सवार की तलाश में जुट गई है।
