मंगलवार, 28 जुलाई 2026

मऊ : उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, समाज सेवियों एवं पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान।|Mau: Women, social workers, and police officers who have done outstanding work were honored.||

शेयर करें:
मऊ : 
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, समाज सेवियों एवं पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : मिशन शक्ति अभियान के तहत एक अखबार द्वारा आयोजित "मिशन शक्ति संवाद सम्मान" कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, समाजसेवियों एवं पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी आनन्द वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनन्द वर्धन ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं का सम्मान करना न केवल उनके कार्यों की सराहना है, बल्कि यह अन्य महिलाओं और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण उत्तर प्रदेश पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिलाओं से निर्भीक होकर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस हेल्पलाइन अथवा स्थानीय पुलिस से तुरंत संपर्क करें। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पुलिस की पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं का उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण, सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त करते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रवेन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्वेता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।