मऊ :
फोन पर लॉटरी और लोन का झांसा देकर ठगी करने वाले दो साइबर लुटेरे गिरफ्तार,भेजे गए जेल।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए फोन के माध्यम से लॉटरी निकलने और आसान लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में साइबर सेल, थाना साइबर क्राइम और थाना सरायलखंसी की संयुक्त टीम ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर प्राप्त तीन शिकायतों की जांच की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और हॉटस्पॉट लोकेशन के आधार पर थाना सरायलखंसी में दर्ज मुकदमा संख्या 234/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उदय नारायण उर्फ सुंदर (निवासी अकबरपुर, थाना रानीपुर) तथा सूर्य प्रकाश विश्वकर्मा (निवासी अक्षार, थाना सरायलखंसी) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लोगों को फोन कर लॉटरी निकलने तथा कम समय में लोन उपलब्ध कराने का झांसा देते थे और विभिन्न बहानों से उनसे रुपये ठग लेते थे। अब तक कम से कम तीन पीड़ितों से साइबर ठगी किए जाने के साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका उपयोग कथित रूप से ठगी की वारदातों में किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट की धारा 66-डी तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी अपील की गई है कि आमजन किसी भी अज्ञात कॉल, लॉटरी, इनाम या आसान लोन के झांसे में न आएं तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
