मऊ :
नमस्ते दिवस पर स्वच्छता कर्मियों का सम्मान,PPE किट वितरित कर दिया सुरक्षा का संदेश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के नगर पंचायत कोपागंज में "नमस्ते दिवस" के अवसर पर सेप्टिक टैंक एवं सीवर सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों तथा वेस्ट पिकर्स के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मान देना तथा उनके सुरक्षित कार्य वातावरण को सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर समाज एवं स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सेप्टिक टैंक सफाई कर्मचारियों और वेस्ट पिकर्स को सम्मानित किया गया। साथ ही कार्य के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE Kit) वितरित किए गए, ताकि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी डॉ. सी.एल. तिवारी ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मियों से प्रत्येक कार्य के दौरान अनिवार्य रूप से PPE किट का उपयोग करने, सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने सेप्टिक टैंक एवं सीवर सफाई कार्य से जुड़े सुरक्षा मानकों, PPE किट के सही उपयोग, संभावित जोखिमों की पहचान तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तृत प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का संकल्प लिया और नगर पंचायत प्रशासन ने भविष्य में भी उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
