बुधवार, 15 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: वाहन चोर और मोबाइल स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़, 3 शातिर गिरफ्तार; 7 दोपहिया वाहन, 3 मोबाइल और अवैध हथियार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: वाहन चोर और मोबाइल स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़, 3 शातिर गिरफ्तार; 7 दोपहिया वाहन, 3 मोबाइल और अवैध हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-24 पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल फोन स्नेचिंग करने वाले एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 7 स्कूटी/मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन, 4 अवैध चाकू, 2 टूटी हुई नंबर प्लेट और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-11 स्थित मदर डेयरी के पास गंदे नाले के पुस्ते पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान जितेंद्र, अरबाज और अभिषेक शाह को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया।

दिल्ली-एनसीआर में वारदात, जंगल में छिपाते थे चोरी के वाहन

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहले रेकी करते थे। इसके बाद घरों के बाहर या सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। इतना ही नहीं, राह चलते लोगों से मोबाइल फोन भी झपट लेते थे।

गिरोह चोरी के वाहनों को सेक्टर-54 नोएडा के जंगल और झाड़ियों में छिपाकर रखता था। बाद में वाहनों की नंबर प्लेट तोड़कर अपनी मजबूरी बताकर उन्हें राहगीरों को कम कीमत में बेच देता था। चोरी के मोबाइल और वाहनों की बिक्री से मिलने वाली रकम सभी आरोपी आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे और उसी से अपने शौक पूरे करते थे।

वारदात के दौरान रखते थे अवैध चाकू

आरोपियों ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि चोरी और स्नेचिंग के दौरान लोगों को डराने-धमकाने के लिए वे अपने पास अवैध चाकू रखते थे, ताकि कोई उनका विरोध न कर सके।

बरामदगी में कई चोरी की स्कूटी और बाइक शामिल

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार स्कूटी और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पंजीकृत वाहन शामिल हैं। इसके अलावा स्नेचिंग के तीन मोबाइल फोन, चार अवैध चाकू, दो टूटी हुई नंबर प्लेट और 1200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में वाहन चोरी, स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। इनके विरुद्ध दिल्ली के गाजीपुर थाने में भी आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई को नोएडा पुलिस की अपराध नियंत्रण अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों के खुलासे और संभावित गिरफ्तारियों की भी संभावना है।