गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दिनदहाड़े मोबाइल स्नैचिंग: सेक्टर-16 चौकी के पास युवती को घसीटकर लूटा फोन, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल!!
दो टूक//नोएडा। नोएडा शहर में मोबाइल झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-16 पुलिस चौकी के समीप का है, जहां दिनदहाड़े स्कूटी सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा में सफर कर रही एक युवती का मोबाइल फोन झपट लिया। मोबाइल बचाने की कोशिश में युवती सड़क पर घिसट गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पीड़िता एक निजी समाचार चैनल में कार्यरत है और ई-रिक्शा से अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और हाथ में पकड़ा मोबाइल झपटने का प्रयास किया। युवती ने मोबाइल नहीं छोड़ा तो बदमाश उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना में युवती को गंभीर चोटें आईं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात सेक्टर-16 पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं से आम नागरिकों, खासकर महिलाओं में भय का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती से जानकारी जुटाई। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-16 और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से मोबाइल झपटमारी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
दिनदहाड़े पुलिस चौकी के समीप हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अपराधियों के मन से पुलिस का भय क्यों खत्म होता जा रहा है। अब लोगों की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपी कब तक सलाखों के पीछे पहुंचते हैं और शहर में बढ़ते झपटमारों के आतंक पर कैसे अंकुश लगाया जाता है।।
