गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस को बड़ी सफलता: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, 12 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आशु ढेढा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का चेसिस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के विभिन्न इलाकों में पहले रेकी करता था और मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर लेता था। चोरी के बाद वह वाहनों को सेक्टरों में खड़ी अन्य गाड़ियों के बीच छिपाकर रखता था, ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में जरूरत पड़ने पर इन वाहनों को कबाड़ियों और राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देता था। चोरी से मिलने वाली रकम को आरोपी अपने साथी के साथ बांटकर मौज-मस्ती और शौक पूरे करने में खर्च करता था।
पुलिस जांच में बरामद एक मोटरसाइकिल दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर थाना क्षेत्र से चोरी की निकली। इसके बाद आरोपी का रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश पुलिस के 'यक्ष ऐप' और 'गाण्डीव पोर्टल' पर खंगाला गया, जिसमें उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आशु ढेढा कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय वाहन चोर गिरोह से जुड़ा हुआ था और लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।
बरामद किए गए वाहनों में कई मोटरसाइकिलें और स्कूटी नोएडा, दिल्ली और अन्य क्षेत्रों से चोरी की गई थीं, जिनमें सेक्टर-24, सेक्टर-49, कल्याणपुरी, गोविंदपुरी, शकरपुर और अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से संबंधित वाहन शामिल हैं। कुछ बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में किन लोगों की भूमिका रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
