बुधवार, 15 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जनरेटर चोरी गैंग का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; चोरी का जनरेटर, अल्टरनेटर और ऑटो बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जनरेटर चोरी गैंग का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; चोरी का जनरेटर, अल्टरनेटर और ऑटो बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना फेस-2 पुलिस ने जनरेटर चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक जनरेटर, उसका अल्टरनेटर तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान थाना क्षेत्र स्थित श्मशान घाट के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहसिन पुत्र इश्फाक अली और बृजेश यादव पुत्र राकेश यादव के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया एक जनरेटर, उससे निकाला गया अल्टरनेटर तथा घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो (रजिस्ट्रेशन संख्या UP14RT0859) बरामद कर लिया। पुलिस ने संबंधित ऑटो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपियों का किसी बड़े चोरी गिरोह से संबंध है या नहीं और इन्होंने पूर्व में कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बृजेश यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ एटा जिले के राजा का रामपुर थाने में छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट सहित धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

इस संबंध में थाना फेस-2 पर मु0अ0सं0 295/2026 के तहत धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और चोरी, लूट व अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।।