रविवार, 12 जुलाई 2026

मऊ : हरियाली का महाअभियान,ग्राम पंचायतों में होगा वृहद वृक्षारोपण महोत्सव।||Mau: A massive greenery campaign, a massive tree planting festival will be held in village panchayats.||

शेयर करें:
मऊ : 
हरियाली का महाअभियान,ग्राम पंचायतों में होगा वृहद वृक्षारोपण महोत्सव।
हरित उत्सव में जनप्रतिनिधि और अधिकारी होंगे शामिल।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जनपद मऊ में रविवार, 12 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ पौधरोपण कर हरियाली का संदेश दिया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी किरण वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान सभी ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए जाएंगे। वृक्षारोपण कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाते हुए ग्राम सभाओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल और स्वच्छ एवं हरित ग्राम बनाने के संकल्प को दोहराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण जरूरी है। जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल और स्थायी बन सकेगा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला सलाहकार अंकित कुमार सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि “एक पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और हरित मऊ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।”
जिला पंचायत राज अधिकारी किरण वर्मा ने सभी ग्राम प्रधानों, प्रशासकों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अभियान में शामिल होकर वृक्षारोपण महोत्सव को जनअभियान बनाएं