ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली, चार आरोपी दबोचे!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के थाना सूरजपुर क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार, 12 जुलाई 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस तिलपता गोलचक्कर पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली नंबर (DL1ZD3031) की एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश पुलिस का इशारा अनदेखा कर तेज गति से भाग निकले। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने बदमाशों का पीछा जारी रखा। इस दौरान बदमाशों ने दोबारा जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर मौके पर ही पकड़ लिए गए। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया और उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी विस्तृत जानकारी दोपहर 1 बजे थाना सूरजपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान साझा की जाएगी।
इस कार्रवाई को गौतमबुद्धनगर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उनके गिरोह तथा बरामद हथियारों व अन्य सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। प्रेस वार्ता के बाद पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।।
