गौतमबुद्धनगर: नोएडा में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, 67 एटीएम कार्ड, 5 लाख नकद और लग्जरी कार बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से शादी, दोस्ती और महंगे गिफ्ट का झांसा देकर लोगों को करोड़ों रुपये की साइबर ठगी का शिकार बना रहा था। थाना सूरजपुर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को ओमिक्रॉन-3 की सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 67 एटीएम/डेबिट कार्ड, 16 मोबाइल फोन, 5 लाख रुपये नकद और एक होंडा सिटी कार समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओयोटोला ओरेमाडे (Oyotola Oremade) पुत्र बेंजामिन, मूल निवासी लागोस (नाइजीरिया) के रूप में हुई है। वह स्टूडेंट वीजा पर भारत आया था और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने भारत में रहकर साइबर ठगी का संगठित नेटवर्क खड़ा कर रखा था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड खरीदवाता था और बैंक खातों की जानकारी हासिल कर इंटरनेट बैंकिंग का दुरुपयोग करता था। इसके अलावा वह मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर शादी का झांसा देता, सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर महंगे विदेशी गिफ्ट भेजने का लालच देता और बाद में कस्टम ड्यूटी, क्लियरेंस चार्ज या अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से रकम वसूलता था। ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में मंगवाकर मोबाइल बैंकिंग और एटीएम के माध्यम से निकाल लिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से बरामद 67 एटीएम/डेबिट कार्ड की जांच करने पर एनसीआरबी पोर्टल पर इनसे संबंधित कुल 43 साइबर शिकायतें दर्ज मिली हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 67 एटीएम/डेबिट कार्ड, 8 स्मार्टफोन, 8 की-पैड मोबाइल फोन, डोंगल संबंधी दस्तावेज, 5 लाख रुपये नकद तथा दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार (DL3CCG0621) बरामद की है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस मामले में थाना सूरजपुर में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 383/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के भारतीय और विदेशी संपर्कों, बैंक खातों तथा साइबर ठगी से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।।
