रविवार, 12 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मंदिर से पीतल की मूर्तियां चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान और अवैध तमंचा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मंदिर से पीतल की मूर्तियां चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान और अवैध तमंचा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर से पीतल की मूर्तियां और अन्य धार्मिक सामान चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो पीतल की मूर्तियां, एक पीतल का घड़ा तथा एक अवैध तमंचा और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा हो गया है।

पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से सर्विस रोड स्थित बस स्टॉप के पास से आरोपी समीर पठान को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 1 किलोग्राम और 12 किलोग्राम वजन की दो पीतल की मूर्तियां, लगभग 7 किलोग्राम वजन का एक पीतल का घड़ा तथा एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रात के समय सूने घरों में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। उसने स्वीकार किया कि बरामद मूर्तियां और घड़ा उसने बीती रात ही सेक्टर-40 स्थित एक मकान से चोरी किए थे। पुलिस ने बरामद सामान को संबंधित मुकदमे से जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर पठान पुत्र तैय्यब पठान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-45 स्थित खजूर कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-39 में चोरी, अवैध हथियार रखने और अन्य आपराधिक धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से बरामद चोरी का सामान उसके वास्तविक मालिक को नियमानुसार सुपुर्द किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की चोरी की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।