गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की सतर्कता से 4 मासूम सुरक्षित मिले, घंटों की मशक्कत के बाद तिलपता से बरामद कर परिजनों को सौंपा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सूरजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी का परिचय देते हुए घर से खेलते-खेलते लापता हुए चार मासूम बच्चों को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिवार वालों ने राहत की सांस ली और सूरजपुर पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को थाना सूरजपुर में सूचना मिली कि कस्बा सूरजपुर निवासी चार बच्चे, जिनकी उम्र क्रमशः 8 वर्ष, 8 वर्ष, 6 वर्ष और साढ़े तीन वर्ष है, खेलते-खेलते घर से कहीं चले गए हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। लगातार प्रयास और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस टीम बच्चों तक पहुंचने में सफल रही।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने चारों बच्चों को तिलपता क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने खोए हुए बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने थाना सूरजपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मेहनत की खुलकर प्रशंसा करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर सूचना और पुलिस की सक्रियता से संभावित अप्रिय घटनाओं को टाला जा सकता है। थाना सूरजपुर पुलिस की इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की है।।
