शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

लखनऊ :फर्जीवाड़े मामले में पुलिस दो महिलाओं सहित एक आरोपी को किया गिरफ्तार।||Lucknow:Police arrested one accused, including two women, in a fraud case.||

शेयर करें:
लखनऊ :
फर्जीवाड़े मामले में पुलिस दो महिलाओं सहित एक आरोपी को किया गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना निगोहां पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पैतृक भूमि अपने नाम दर्ज कराकर करीब 30 लाख रुपये में बेचने वाली दो महिला समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में शांति देवी की शिकायत पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान राजपाल, सुमन देवी उर्फ जमुना देवी और गुड़िया की संलिप्तता सामने आने पर शुक्रवार को ग्राम परसपुर ठट्ठा के खेल मैदान के पास से तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2015 में सड़क दुर्घटना में अविवाहित प्रेमचंद्र की मृत्यु हो गई थी। वर्ष 2018 में पिता की मृत्यु के बाद पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी का फायदा उठाते हुए राजपाल ने अपनी बहन गुड़िया और सुमन देवी के साथ मिलकर सुमन देवी को मृतक प्रेमचंद्र की पत्नी दर्शाने की साजिश रची। वर्ष 2020 से 2022 के बीच फर्जी दस्तावेज तैयार कर न्यायालय में वरासत का दावा किया गया और प्रेमचंद्र के हिस्से की जमीन सुमन देवी के नाम दर्ज करा ली गई।
इसके बाद वर्ष 2024 में उक्त भूमि को पीके कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर कमलेश कुमार को लगभग 30 लाख रुपये में बेच दिया गया। बिक्री से प्राप्त धनराशि का कुछ हिस्सा बैंक खाते में और शेष नकद लेकर तीनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पूरे षड्यंत्र की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राजपाल के विरुद्ध पहले से भी गोसाईगंज थाने में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
दो टूक मीडिया: फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक संपत्ति हड़पने और बेचने के इस मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।