शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

इटावा : डबल डेकर बस हाइवे पर पलटी, 21 यात्री घायल,एक की हालत गम्भीर।।||Etawah: Double-decker bus overturns on highway, 21 passengers injured, one seriously injured.||

शेयर करें:
इटावा : 
डबल डेकर बस हाइवे पर पलटी, 21 यात्री घायल,एक की हालत गम्भीर।।
दो टूक : इटावा जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़े हाईवे पर धौलपुर ओवरब्रिज के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मौदहा (हमीरपुर) से दिल्ली जा रही एक निजी डबल डेकर स्लीपर बस चालक को कथित रूप से झपकी आने के कारण अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 21 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई। एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए सैफई पीजीआई रेफर किया गया है।
विस्तार
जानकारी के अनुसार इटावा के जसवंत नगर क्षेत्र आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़े हाईवे पर धौलपुर ओवरब्रिज के पास
शुक्रवार तड़के सुबह एक सवारियों से भरी डबल डेकर बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आस-पास के लोग और हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही जसवंतनगर थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कई यात्री सीटों और सामान के नीचे फंस गए थे, जिन्हें पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सैफई पीजीआई भेजा गया, जबकि अन्य गंभीर घायलों का उपचार जारी है। कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर हाईवे प्रबंधन की टीम और हाइड्रा मशीन मौके पर पहुंची तथा दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब 55 से 60 यात्री सवार थे। सुरक्षित यात्रियों को पुलिस ने वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस राहत बचाव मे जुटी ।